झारखंड में ठंड का बड़ा अटैक! रांची में 15 डिग्री तक लुढ़केगा पारा, सुबह कुहासे की चादर से बढ़ेगी कनकनी
राजधानी समेत पूरे राज्य में बदलने लगा मौसम का मिजाज, सुबह-शाम सताएगी ठंड; 27 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, मौसम विभाग के पूर्वानुमान से बढ़ी सतर्कता
रांची। झारखंड में अब ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह की धुंध और कुहासे के बीच तापमान में गिरावट से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। आने वाले दिनों में सुबह और देर शाम ठंड का एहसास और बढ़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। दिन में भले ही धूप राहत दे, लेकिन सुबह और रात की ठंड लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर सकती है।

राजधानी रांची में 22 और 23 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और 25 अक्टूबर को 17 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं होने के बावजूद सुबह और देर शाम ठंड का असर लोगों को परेशान कर सकता है।
![]()
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य के तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। हालांकि, सुबह धुंध और कुहासा छाने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। रांची, बोकारो, गुमला, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के कई जिलों में सुबह के समय कुहासा देखने को मिल सकता है। ऐसे में सुबह-सुबह सफर करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
27 अक्टूबर को मौसम ले सकता है करवट
ठंड के बढ़ते एहसास के बीच मौसम विभाग ने 27 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। रांची और आसपास के इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि यहां मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इससे पहले 26 अक्टूबर को भी सुबह धुंध और कुहासा छाए रहने की संभावना है।
बदलते मौसम के बीच सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। सुबह और देर शाम हल्के गर्म कपड़े पहनना फायदेमंद रहेगा। फिलहाल राज्य में किसी बड़े मौसमी बदलाव की चेतावनी नहीं दी गई है, लेकिन तापमान में गिरावट और सुबह के कुहासे के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

